बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद, ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को बताया विकास का आधार
चंपावत । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के दर्पण होते हैं। उनके विचार, सुझाव और चिंतन समाज को दिशा देने के साथ ही विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के संकल्प के साथ ही पूरे उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।
रविवार को बनबसा स्थित शुमंगलम होटल में युवा संवाद कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों के साथ भेंटवार्ता की और विकास कार्यों को लेकर उनके सुझाव लिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत सहित प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में एक आत्मीय दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बनबसा की दिव्यांग महिला ग्राम प्रधान कमला देवी मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए आगे बढ़ीं। उन्हें देखकर मुख्यमंत्री स्वयं अपने स्थान से उठकर उनके पास पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
प्रबुद्धजन बंशीधर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम के बीच संवाद के लिए समय निकालने पर आभार जताया। पूर्व सैनिक पुष्कर कापड़ी, पूर्व कैप्टन भानी चंद और अर्जुन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चम्पावत सहित पूरे उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने खेल, पर्यटन, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, महिला सशक्तीकरण, साइंस सेंटर, टनकपुर में रेल सुविधाओं, शारदा कॉरिडोर और आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मां पूर्णागिरि धाम को वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। ककराली गेट से पूर्णागिरि धाम तक स्थायी प्रकाश व्यवस्था, रोपवे और हेलीपैड के विकास की योजनाओं पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दृष्टिगत टनकपुर पर्यटन और तीर्थाटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। जनपद में पार्किंग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम संस्थान और अत्याधुनिक साइंस सेंटर समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, निवेश, पर्यटन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चम्पावत के प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद सरकार को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान जारी रहेगा।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरण देवी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पांडेय और मुख्यमंत्री के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल सहित अन्य प्रबुद्धजन मौजूद रहे।





More Stories
लोहाघाट में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच नेपाली घायल
चंपावत की ऐतिहासिक रामलीला 149वें वर्ष में प्रवेश, …सीएम धामी ने 2 करोड़ 47 लाख रुपये से मंच,मैदान के लिए किए स्वीकृत
बनबसा में 6.85 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार