जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 96 शिकायतें पहुंचीं; दिव्यांग को मौके पर मिली व्हीलचेयर, 14 आयुष्मान कार्ड भी बने
चंपावत।
जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 96 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष मामलों के समाधान के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन कार्ड, किसान पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, विद्यालयों की मरम्मत, सुरक्षा दीवार निर्माण, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से तत्काल व्हीलचेयर और बैसाखी उपलब्ध कराई गई। वहीं जनता मिलन में पहुंचे 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर ही बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सिमल्टा की किरण देवी को बाघ के हमले के दौरान अपने पिता और ग्रामीणों की साहसपूर्वक रक्षा करने के लिए जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम भैरवां के अनिल सिंह तड़ागी की किसान पेंशन संबंधी शिकायत पर मुख्य कृषि अधिकारी को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। लोहाघाट के ग्राम ठाटा निवासी ललित मोहन शर्मा के दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरण में मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
इसी प्रकार चौड़ाराजपुरा निवासी शिवराम द्वारा बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को रेडक्रॉस के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुनेठी की ग्राम प्रधान सृष्टि द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क की सुरक्षा दीवार निर्माण, डूंगराबोरा निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा द्वारा राशन कार्ड, क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत तथा मुड़ियानी किस्कोट निवासी बलदेव द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी उठाई गई। इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिलिंगढाक निवासी विमला देवी द्वारा निवास प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्राथमिकता के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
चम्पावत क्रिकेट एसोसिएशन से हटा प्रतिबंध, 4 नवंबर को होंगे चुनाव
40 हजार रुपये की लागत से सोलर कार बनाने वाले राहुल सम्मानित
चंपावत जिला अस्पताल में पहली बार लगेगी फेको मशीन, मोतियाबिंद के मरीजों को मिलेगी राहत