स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान की मांग पर चौथे दिन भी जारी रहा धरना, बारिश भी नहीं डिगा सकी आंदोलनकारियों का हौसला
खेतीखान (चम्पावत)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के सम्मान एवं समुचित विकास की मांग को लेकर इंदिरा पार्क, खेतीखान में चल रहा सांकेतिक धरना-प्रदर्शन सोमवार को चौथे दिन भी शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से जारी रहा। लगातार हो रही बारिश के बावजूद क्षेत्रवासियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान कमलेख अर्जुन लोहिया, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जनकांडे किशोर माहरा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कानाकोट गिरजेश बोहरा, पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख गोपाल मनराल, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गोसनी चन्द्रकांत ओली, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बांजगांव पवन देऊपा, उप ग्राम प्रधान तपनीपाल अनुज बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
आंदोलनकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि क्षेत्र की जनता स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनकी जन्मस्थली के विकास को लेकर गंभीर है।
धरना स्थल से शासन-प्रशासन से पुनः मांग की गई कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जन्मस्थली के संरक्षण एवं विकास के लिए शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनकी विरासत को संरक्षित करने की न्यायोचित मांग को लेकर संचालित किया जा रहा है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो जनसमर्थन के साथ आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगा ।

More Stories
जनकांडे पटवारी चौकी दोबारा संचालित करने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 96 शिकायतें पहुंचीं; दिव्यांग को मौके पर मिली व्हीलचेयर, 14 आयुष्मान कार्ड भी बने