स्वाला डेंजर जोन का स्थायी समाधान, टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर अब 24 घंटे चलेगा यातायात
चम्पावत, 18 जुलाई। वर्षों से भूस्खलन और बार-बार यातायात बाधित होने के कारण बदनाम रहे टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वाला डेंजर जोन का स्थायी उपचार कार्य पूरा हो गया है। इसके साथ ही अब इस मार्ग पर 24 घंटे निर्बाध आवाजाही संभव हो सकेगी और रात में वाहनों की आवाजाही पर लगने वाले प्रतिबंध भी समाप्त हो जाएंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और लगातार निगरानी के चलते इस संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य समय पर पूरे किए गए। इससे सीमांत जनपद चम्पावत और पिथौरागढ़ को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब निर्माण संबंधी कोई बाधा नहीं रहेगी।
बताया गया कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सड़क संपर्क में पहले ही काफी सुधार हुआ था, लेकिन स्वाला डेंजर जोन बरसात के दौरान सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। भूस्खलन के कारण हर वर्ष सड़क कई दिनों तक बंद रहती थी और सुरक्षा कारणों से रात के समय वाहनों की आवाजाही भी रोकनी पड़ती थी।
मुख्यमंत्री ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पिछले एक वर्ष से परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन और कार्यदायी संस्था के समन्वय से कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अब रात आठ बजे के बाद टनकपुर अथवा पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को रोके जाने की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही आपातकालीन सेवाओं, व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, शंकर पांडे, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, रोहित बिष्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


More Stories
चंपावत जिला अस्पताल में रविवार को होगा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन
बाराकोट में अवैध शराब की भट्ठी पर छापा, 36 लीटर कच्ची शराब के साथ एक दबोचा
लोहाघाट में मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग की छापेमार कार्रवाई, सात दवाओं के नमूने जांच को भेजे