September 1, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

लोहाघाट में मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग की छापेमार कार्रवाई, सात दवाओं के नमूने जांच को भेजे

Dukan Ad
Dukan Ad

लोहाघाट में मेडिकल स्टोरों पर औषधि विभाग की छापेमार कार्रवाई, सात दवाओं के नमूने जांच को भेजे

चंपावत । जिले में नकली और संदिग्ध दवाओं पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने शनिवार को लोहाघाट क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक थोक और चार खुदरा मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया तथा जांच के लिए सात दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए।

अपर आयुक्त एवं उप औषधि नियंत्रक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून के निर्देश तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक हर्षिता के नेतृत्व में टीम ने मेडिकल प्रतिष्ठानों में दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, ड्रग लाइसेंस, दवाओं के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी व्यवस्था और मनःप्रभावी (नार्कोटिक) दवाओं से संबंधित रजिस्टरों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोरों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति भी सुनिश्चित पाई गई।

अभियान के दौरान संचालकों को भारत सरकार के मानस पोर्टल और टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए ड्रग लाइसेंस की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि संदेह के आधार पर लिए गए सात दवा नमूनों को परीक्षण के लिए औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि किसी नमूने में अनियमितता या मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और नियमावली, 1945 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में नकली और अमानक दवाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान विभाग के सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।

शेयर करे