चम्पावत में भारी बारिश का अलर्ट, शनिवार को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
चम्पावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए शनिवार, 18 जुलाई को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आदेश जारी करते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, परिषदीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालयों में ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क रहें।

More Stories
प्रेशर हॉर्न लगे दो वाहनों के चालान, मैक्स और बाइक सीज
लोहाघाट में 2.47 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
टनकपुर में मीडिया सेंटर का निर्माण तेज करने के निर्देश डीएम ने किया निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण