रिपोर्टर दीपक शर्मा (पेंटर)
चंपावत। हरेला पर्व के अवसर पर जिले के भिंगराड़ा रेंज और लधियाघाटी क्षेत्र के दुबचौड़ा में पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली। एक ओर वन विभाग ने स्थानीय महिलाओं और वन पंचायतों के सहयोग से वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया, वहीं दूसरी ओर दुबचौड़ा में आयोजित हरेला मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान के दर्शन किए।
भिंगराड़ा रेंज में वन विभाग ने स्थानीय महिला समूहों, वन पंचायतों और ग्रामीणों की सहभागिता से फलदार, चारा एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे रोपे। साथ ही ग्रामीणों को फलदार और चारा प्रजाति के पौधों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल भी आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सके।
इस दौरान क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी हिमालय सिंह टोलिया, वन दरोगा नीरज बिष्ट, नरेश सिंह नेगी, वन बीट अधिकारी बलदेव जोशी, केशव दत्त जोशी, ईश्वरी दत्त, भिंगराड़ा सरपंच देवकीनंदन भट्ट, गडयूड़ा सरपंच सुनीता आर्या, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीश नाथ सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं लधियाघाटी क्षेत्र के दुबचौड़ा (लधौली) स्थित हनुमान मंदिर परिसर में हरेला महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया गया। हरियाली, कृषि और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक इस पर्व पर बड़ी संख्या में लोगों ने मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री मुकेश सिंह महराना की अध्यक्षता में हुआ। पूरे आयोजन में क्षेत्रवासियों का उत्साह देखते ही बना।


More Stories
हरेला पर्व पर मानेश्वर महादेव मंदिर में आईटीबीपी का वृहद पौधरोपण अभियान, डीएम ने भी किया पौधरोपण
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के जन्मदिन पर जिला अस्पताल में फल वितरित
हरेला पर ग्राम फोर्ती में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश