October 16, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

हरेला पर्व पर मानेश्वर महादेव मंदिर में आईटीबीपी का वृहद पौधरोपण अभियान, डीएम ने भी किया पौधरोपण

Dukan Ad
Dukan Ad

हरेला पर मानेश्वर महादेव मंदिर में आईटीबीपी का वृहद पौधरोपण अभियान

चम्पावत, 16 जुलाई। हरेला महोत्सव के अवसर पर मानेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी की ओर से वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बांज, पांगर, पदम, उतीश समेत विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के करीब 200 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय तथा आईटीबीपी 36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने पौधरोपण कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित उत्तराखंड के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प दिलाया।

मानेश्वर महादेव मंदिर के मठाधीश स्वामी धर्मराजानंद पुरी महाराज ने आईटीबीपी के पौधरोपण अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल बताया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने जिलाधिकारी को मंदिर परिसर का भ्रमण कराते हुए इसकी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने भगवान शिव के दर्शन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करे