June 2, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

चम्पावत के युवाओं ने रचा इतिहास, पीसीएस परीक्षा में चमका सीमांत जनपद

चम्पावत के युवाओं ने रचा इतिहास, पीसीएस परीक्षा में चमका सीमांत जनपद
…डीएसपी, सहायक नगर आयुक्त और उप शिक्षा अधिकारी जैसे पदों पर चयन, बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान
संवाददाता चम्पावत। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की राज्य सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में सीमांत जनपद चम्पावत के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के कई प्रतिभावान अभ्यर्थियों ने शीर्ष पदों पर चयनित होकर पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है।
सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि लोहाघाट की अदिति पुनेठा ने हासिल की है, जिनका चयन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर हुआ है। दीपक पुनेठा और भावना पुनेठा की पुत्री अदिति की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वहीं, चम्पावत मुख्यालय के छतार वार्ड निवासी ऐश्वर्या भट्ट ने भी डीएसपी पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। गिरीश भट्ट और गीता भट्ट की पुत्री ऐश्वर्या ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार से बीएएमएस की शिक्षा प्राप्त की है।
टनकपुर के ककरालीगेट निवासी अंजली चंद का चयन सहायक नगर आयुक्त पद पर हुआ है। एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से एप्लाइड मैथ्स में स्नातक अंजली वर्तमान में अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा में उप शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ निरंतर अध्ययन कर उन्होंने यह सफलता अर्जित की है।
इसी क्रम में मनोज सिंह और राकेश कुमार का चयन उप शिक्षा अधिकारी पद पर हुआ है। दोनों ने स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट से स्नातक शिक्षा प्राप्त की है।
वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के रूप में कार्यरत राकेश कुमार की सफलता को भी संघर्ष और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
जनपद की बेटियों द्वारा पुलिस और नगर प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चयनित होना महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र की अन्य युवतियों को भी प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चम्पावत के युवाओं ने कठिन प्रतिस्पर्धा वाली परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पूरे सीमांत क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अधिकारी अपनी कार्यकुशलता से राज्य के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

शेयर करे