June 1, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

साइबर ब्लैकमेलिंग और यौन शक्ति वर्धक दवा के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

साइबर ब्लैकमेलिंग और यौन शक्ति वर्धक दवा के नाम पर ठगी करने वाले
दो आरोपी गिरफ्तार
चम्पावत। बनबसा थाना पुलिस ने साइबर ब्लैकमेलिंग और ठगी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने एक युवक को यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया, उसकी निजी सामग्री हासिल कर ब्लैकमेल किया और मानसिक प्रताड़ना देकर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। साथ ही उससे करीब 1.87 लाख रुपये की साइबर ठगी भी की गई।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को दुर्जन लाल ने थाना बनबसा में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके पुत्र को शक्ति वर्धक दवाइयों का लालच देकर संपर्क में लिया। इसके बाद उसकी अश्लील तस्वीरें और अन्य निजी सामग्री प्राप्त कर लगातार ब्लैकमेल किया गया। आरोपियों ने विभिन्न माध्यमों से उससे कुल 1.87 लाख रुपये भी ठग लिए। मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते युवक को आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना बनबसा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई।
क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को धनुषपुल-सोनियानाला मार्ग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र सिंह चितौड़िया पुत्र गोपाल मोंगिया, निवासी धर्मपुरा, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश)
शिवा सिंह चितौड़िया पुत्र महेन्द्र सिंह चितौड़िया, निवासी बेन्हाता, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश)
पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी अनिल मोगिया की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल फोन, कथित दवाइयां, हस्तलिखित दस्तावेज, एक बुलेरो कैंपर वाहन तथा अश्लील तस्वीरों से संबंधित सामग्री बरामद की है।
पुलिस की अपील
चम्पावत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन माध्यम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ निजी फोटो, वीडियो अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

शेयर करे