पात्र लाभार्थियों की सूची पंचायत घरों में चस्पा करने के निर्देश, दो दिव्यांगों को तत्काल मिली श्रवण यंत्र सुविधा
संवाददाता चम्पावत। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 74 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।
जनसुनवाई में पेयजल, बिजली, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, उद्यान, सिंचाई, गैस सिलेंडर उपलब्धता तथा उरेड़ा विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में वृद्धावस्था पेंशन निरस्त होने का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों की पेंशन तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा।
विकासखंड पाटी के कानाकोट निवासी मदन राम और दीवान सिंह ने श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने दोनों को मौके पर ही कान की मशीन उपलब्ध कराई।
लोहाघाट के मटियानी गांव की पूजा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने पात्रता जांच कर नियमानुसार आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची पंचायत घरों में अनिवार्य रूप से चस्पा करने को कहा, ताकि योजना में पारदर्शिता बनी रहे।
बिरगुल निवासी चन्दन राम ने मकान की टपकती छत की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने अस्थायी राहत के तौर पर टीनशेड उपलब्ध कराने और आवास योजना के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं भगाना भंडारी की प्रधान प्रेमा खर्कवाल ने सोलर लाइट एवं फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग रखी, जबकि हरम के प्रधान सूरज सिंह ने मंच-तामली मार्ग पर खतरनाक चीड़ के पेड़ों को हटाने का अनुरोध किया। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में श्रमिकों ने ठेकेदारों द्वारा मजदूरी भुगतान न किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को मामले की जांच कर श्रमिकों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






More Stories
साइबर ब्लैकमेलिंग और यौन शक्ति वर्धक दवा के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
एसओजी और पुलिस ने नेपाली नागरिक को 43 अवैध नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़ा
पुलिस का नशे के कारोबारियों पर शिकंजा, 14.25 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार