जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार मानसून से पूर्व सड़कों को सुरक्षित बनाने की तैयारी, लोनिवि ने तेज किया सुधारीकरण अभियान
संवाददाता चंपावत ।
जनपद में आगामी मानसून एवं यातायात सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) चम्पावत द्वारा सड़कों के सुधारीकरण, झाड़ी कटान एवं नालियों की सफाई का व्यापक अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य सड़क मार्गों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाना है, जिससे आमजन और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न संवेदनशील एवं यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष कार्यवाही की जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) पर सुखीढांग से सिनियारी के मध्य किलोमीटर 78 में नालियों की सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव एवं सड़क क्षति जैसी समस्याओं से बचाव सुनिश्चित हो सके।
इसी प्रकार टनकपुर क्षेत्र में कीरोड़ा पुल से टनकपुर मार्ग तथा खटोली मल्ली से बैला मोटर मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों का कटान कराया जा रहा है। इससे तीखे मोड़ों एवं संवेदनशील स्थानों पर दृश्यता बेहतर होगी तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आएगी।
जिलाधिकारी के विजन के अनुरूप ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। चल्थी से बस्तिया मार्ग पर झाड़ी कटान एवं नाली सफाई का संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जबकि गौड़ी किमतोली मोटर मार्ग तथा भगीना भंडारी से तोली मोटर मार्ग पर बंद पड़ी नालियों को खोलने एवं उनकी समुचित सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोनिवि चम्पावत श्री मोहन सिंह पलड़िया ने बताया कि जनसुविधा एवं सुरक्षित यातायात विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मानसून से पूर्व सड़क मार्ग पूर्ण रूप से व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए जा सकें। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी जनपदभर में यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।
डीएम के निर्देश पर मानसून से पूर्व सड़कों को सुरक्षित बनाने की तैयारी, लोनिवि ने तेज किया सुधारीकरण अभियान

More Stories
गैंग रेप षड्यंत्र प्रकरण की साजिश में एक और आरोपी गिरफ्तार
ब्रेकिंग : पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव का बिगुल, 9 जून को होगा मतदान
डीएम ने जनता मिलन कार्यक्रम में 106 शिकायतों का किया निस्तारण