आंगनबाड़ी केंद्र की शिकायत पर जनपदभर के केंद्रों के निरीक्षण के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार की जनसुनवाई में 106 शिकायतों त्वरित निस्तारण
संवाददाता चंपावत।
जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में “जनता मिलन कार्यक्रम” आयोजित किया गया।
जनसुनवाई में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 106 शिकायतें दर्ज हुईं।
जनसुनवाई के दौरान गोली क्षेत्र से प्राप्त आंगनबाड़ी केंद्र संबंधी पानी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कोठेरा, बाराकोट निवासी पार्वती रावत ने अपने दिव्यांग पुत्र शिवांक के उपचार एवं आर्थिक सहायता की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए जिला अस्पताल स्थित डीडीआरसी में तत्काल थेरेपी सेशन प्रारंभ करने व शिवांक की शिक्षा के भी प्रभावी इंतजाम करने के साथ साथ बेहतर उपचार करने के निर्देश दिये।
जैगांव-जैतौली निवासी धर्मानंद ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को आज ही मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खड़ी बाजार निवासी अनिता सार्की की विवाह पंजीकरण संबंधी समस्या पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को यूसीसी के अंतर्गत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
ढरोज निवासी प्रकाश चंद्र ने हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि से बागानों को पहुंचे नुकसान के लिए आर्थिक सहायता की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी को उपजिलाधिकारि के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल क्षति आकलन एवं मुआवजा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दियुरी निवासी नारायण सिंह द्वारा कान की मशीन की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बारसी के ग्राम प्रधान होमानंद जोशी एवं बढ़पास के ग्राम प्रधान उमेश चंद्र जोशी ने अपने क्षेत्रों में हैंडपंप स्थापना की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए।
पूरन चंद्र द्वारा क्षेत्र की पेयजल समस्या की निष्पक्ष जांच की मांग पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को ग्राम सभा की खुली बैठक में विषय प्रस्तुत कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
ढकना बडोला निवासी नारायणी देवी ने नए विद्युत कनेक्शन एवं जलापूर्ति की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को परिवार रजिस्टर तत्काल जारी करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रमोला निवासी नाथ सिंह द्वारा बीपीएल राशन कार्ड तथा गूठगढ़साड़ी निवासी शांति देवी द्वारा अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम किसकोट निवासी बलदेव सिंह ने पोल्ट्री व्यवसाय के विपणन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी, चम्पावत को नगर के थोक विक्रेताओं एवं आईटीबीपी के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त ग्राम हरम के घनश्याम दत्त शर्मा, रघुवर दत्त कॉलोनी खीरीकोट के निवासियों तथा रमक निवासी आनंद बल्लभ जोशी ने फसलों को जंगली जानवरों से सुरक्षा, कनलगांव निवासी नारायण दत्त जोशी द्वारा भूमि विवाद तथा कृष्णानंद जोशी द्वारा नाली एवं मलबा प्रबंधन संबंधी शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।






More Stories
अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में मनिहारगोठ में लोक समस्या निवारण शिविर का आयोजन
एनएच चौड़ीकरण के विरोध में तहसील पहुंचे सैकड़ों लोग, बाईपास निर्माण की उठाई मांग
बनबसा पुलिस ने 4.11 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा