सुखीढांग-रीठासाहिब मोटर मार्ग बदहाल, सुधारीकरण की उठी मांग
चम्पावत। सुखीढांग-रीठासाहिब मोटर मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रवासियों ने सड़क के शीघ्र सुधारीकरण की मांग उठाई है। लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य में भारी अनियमितताएं बरती गईं, जिसके चलते मार्ग तीन वर्ष के भीतर ही उखड़ने लगा है और हादसों का खतरा बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार लंबे आंदोलन के बाद वर्ष 2016 में इस मोटर मार्ग का निर्माण हुआ था। इसके बाद वर्ष 2021-22 में करोड़ों रुपये की लागत से सड़क का डामरीकरण तथा वर्ष 2022-23 में पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण कार्य कराया गया। आरोप है कि कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की लापरवाही के कारण सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब रही, जिससे मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है।
लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क कटिंग सही तरीके से नहीं की गई और जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण भी नहीं हुआ। सुखीढांग, चौड़ाकोट, धूरा, मथिमालौज, बुढम, सुकनी, ठेकाडूंगा, त्यौदरा बैण्ड, ककनई, टांण, साल और मधियार समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मोड़ों में पर्याप्त कटिंग नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय शंकर जोशी केदार सिंह ने बताया कि सुप्रसिद्ध रीठा साहिब गुरुद्वारे में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़े डामर के कारण दुपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष मई माह में रीठा साहिब में तीन दिवसीय जोड़ मेला आयोजित होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसके बावजूद अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है और मार्ग की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चम्पावत और लोहाघाट विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए संबंधित विभाग को शीघ्र निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता और तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एम.सी.पलडिया ने बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
फोटो … क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग
…कार से बनाया गया वीडियो तीन दिन पहले का है ।
सुखीढांग-रीठासाहिब मोटर मार्ग बदहाल, सुधारीकरण की उठी मांग

More Stories
शारदा कॉरिडोर परियोजना निर्माण कार्य के लिए समिति गठित, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दिए निर्देश
गोल्ज्यू महोत्सव के संपन्न होने के बाद , नगर पालिका ने गोरल चौड़ में चलाया विशेष सफाई अभियान, पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने किया निरीक्षण
घायल गौवंश के उपचार को हर पशु अस्पताल में मिले एंबुलेंस सुविधा: नागेंद्र जोशी