ई-पेंशन स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने को चंपावत में प्रशिक्षण शिविर आयोजित।
चंपावत।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सरकारी कर्मचारियों के पेंशन कार्यों को अधिक त्वरित और पारदर्शी बनाने के लिए कोषागार विभाग द्वारा रविवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी सभागार, चंपावत में ई-पेंशन स्वीकृति से संबंधित विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी चंपावत सीमा बगवाल के दिशा-निर्देशन में तथा अध्यक्षता कोषाधिकारी श्री मयंक सक्सेना ने की।
प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विभागों से लगभग 20 आहरण-वितरण अधिकारियों (DDOs) एवं कार्यालय सहायकों ने भाग लिया।सहायक लेखाकार श्री मुकेश कुमार ने स्लाइड शो प्रस्तुत कर ई-पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया, उससे जुड़ी तकनीकी व व्यावहारिक कठिनाइयों तथा उनके समाधान पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
प्रतिभागियों को ई-पेंशन प्रणाली के अंतर्गत लागू शासनादेशों एवं वेतन निर्धारण प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया ताकि पेंशन कार्यों में सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ई-पेंशन से जुड़ी अपनी जिज्ञासाएं रखीं जिनका समाधान कोषाधिकारी मयंक सक्सेना और सहायक कोषाधिकारी श्री प्रकाश सिंह ढेक ने मौके पर ही किया। दोनों अधिकारियों के उत्तरों से प्रतिभागियों की सभी शंकाएं दूर हो गईं और उन्हें प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई। इस अवसर पर सहायक कोषाधिकारी प्रकाश सिंह ढेक, सहायक लेखाकार नितिन जोशी, ललित सिंह मनराल, मजहर हुसैन तथा कनिष्ठ सहायक भुवन चन्द्र तिवारी सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

More Stories
जनता मिलन में 88 शिकायतों पर हुई कार्यवाही, डीएम ने समयबद्ध शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए
ज्ञानखेडा में खेत बचाओ अभियान में किसानों को दी आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन के तहत होम स्टे में योगाभ्यास