बाल मधुमेह रोगियों के लिए राहत—चम्पावत जिला चिकित्सालय में ‘गुबारा क्लीनिक’ का शुभारंभ
चम्पावत, 09 नवंबर (सूवि)।उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस (रजत जयंती वर्ष) के अवसर पर रविवार को जिला चिकित्सालय चम्पावत में बाल एवं टाइप-1 मधुमेह रोगियों के लिए “गुबारा क्लीनिक” (GUBARA Clinic) का शुभारंभ किया गया। यह क्लीनिक उन बच्चों और युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है जो बचपन से मधुमेह से जूझ रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।‘ग्लूकोज उपचार एवं बाल आरोग्य रक्षा अभियान’ (Glucose Upchaar Evam Bal Aarogya Raksha Abhiyan – GUBARA) के अंतर्गत शुरू की गई यह पहल जिले में टाइप-1 मधुमेह से ग्रसित बच्चों के लिए अहम कदम मानी जा रही है।
क्लीनिक में रोगियों को नियमित इंसुलिन मॉनिटरिंग, परामर्श और दवा की निशुल्क सुविधा मिलेगी।राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के तहत टाइप-1 मधुमेह रोगियों को नि:शुल्क जांच सुविधा और मधुमेह मॉनिटरिंग किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। शुभारंभ अवसर पर तीन टाइप-1 मधुमेह पीड़ित बच्चों को प्रतीकात्मक रूप से इंसुलिन किट और मॉनिटरिंग सेट भेंट किए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जिले की सभी चिकित्सा इकाइयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध मधुमेह जांच सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित प्रत्येक रोगी का जिला चिकित्सालय में पंजीकरण आवश्यक है जिससे उन्हें समय पर आवश्यक दवाएं और किट उपलब्ध कराई जा सकें।कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप बिष्ट (रेडियोलॉजिस्ट), डॉ. जितेन्द्र जोशी (बाल रोग विशेषज्ञ, एसडीएच टनकपुर), जिला सलाहकार ममता मिश्रा, प्रवीण भट्ट, नर्सिंग अधिकारी बबीता, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताएँ और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार