मरीजों को मिले बेहतर सुविधा जिलाधिकारी ने लोहाघाट अस्पताल का किया निरीक्षण
परिसर के सीमांकन व व्यवस्थाओं के सुधार के दिए निर्देश
चंपावत ।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने आज सुबह उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सकों तथा स्टाफ के लिए मौजूद संसाधनों की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, जनरल वार्ड, पोस्ट-ऑपरेशन वार्ड, फार्मेसी, नर्सिंग स्टाफ रूम, डॉक्टर्स रूम, शौचालय सहित संपूर्ण अस्पताल परिसर का विस्तार से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में आए मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की साथ ही प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी से अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में दिव्यांगजनों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, पीकदान लगाने और आने वाले आगंतुकों व कार्मिकों से यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि वे केवल पीकदान का उपयोग करें, ताकि परिसर हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।
उन्होंने अस्पताल को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए और कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सुविधाएं सुगमता से मिलनी चाहिए। उन्होंने पोस्टर व बैनर अनावश्यक स्थानों पर न लगाने का भी निर्देश दिया जिससे अस्पताल परिसर साफ व अच्छा लगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट का अवलोकन भी किया, उन्होंने उप जिला चिकित्सालय परिसर में जल्द ब्लॉक हेल्थ यूनिट की स्थापना करने के निर्देश दिए, तथा तहसीलदार को अस्पताल परिसर की बाउंड्री का सीमांकन करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने सीएनडीएस विभाग को अस्पताल में सीलन दूर करने एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने पुराने महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया और वहां खाली पड़े भवन की उपयोगिता पर चर्चा की।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सौरभ नेगी सहित संपूर्ण चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार