पांच सूत्रीय मांगों को लेकर फार्मेसी अधिकारियों का आंदोलन तेज, दूसरे दिन भी बांह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
चंपावत। पांच सूत्रीय मांगों के निस्तारण को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर फार्मेसी अधिकारियों का आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के दूसरे दिन बुधवार को जिले के सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात फार्मेसी अधिकारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।
जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी और जिला मंत्री रोशन लाल के नेतृत्व में फार्मेसी अधिकारियों ने शासन से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। प्रांतीय संगठन के आह्वान पर आंदोलन का पहला चरण एक से 15 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान फार्मेसी अधिकारी काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
ये हैं प्रमुख मांगें
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में वर्ष 2009 के बाद नियुक्त फार्मेसी अधिकारियों को 10 वर्ष की सेवा पूरी करने पर प्रथम एसीपी में चीफ फार्मेसी अधिकारी पद का वेतनमान देने, स्वास्थ्य उपकेंद्रों के स्थगित 391 पदों को पुनर्बहाल करने, फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015 लागू करने तथा अस्पतालों में पेशेंट काउंसलिंग कक्ष स्थापित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा चारधाम यात्रा, मेले, आपदा ड्यूटी और चिकित्सकों की अनुपस्थिति में सूचीबद्ध रोगों के लिए दवा वितरण का अधिकार देने तथा चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित देयकों का भुगतान करने की मांग की गई है। संगठन ने यात्रा ड्यूटी के दौरान उचित आवास, भोजन व्यवस्था और प्रोत्साहन भत्तों की दरों में संशोधन की भी मांग उठाई है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो कार्य बहिष्कार की चेतावनी
जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी और जिला मंत्री रोशन लाल ने कहा कि यदि 15 सितंबर तक शासन स्तर पर मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो 16 से 26 सितंबर तक फार्मेसी अधिकारी रोजाना दोपहर दो बजे के बाद सांकेतिक कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 26 सितंबर से देहरादून स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय में अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना शुरू किया जाएगा।

More Stories
257 करोड़ की लागत से बन रहे गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण
नेत्रदान से किसी के जीवन में लौट सकती है रोशनी, लोगों को किया जागरूक
टनकपुर में खेल महाकुम्भ-2026 का शुभारम्भ, विजेताओं को मिलेंगे 11 करोड़ के पुरस्कार