मिशन-2027 की सियासत पैराफिटों पर प्रचार जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष को नोटिस
संवाददाता लोहाघाट/चम्पावत। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मिशन-2027 की राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। भाजपा और कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा सरकारी परिसंपत्तियों पर प्रचार-प्रसार किए जाने के मामले सामने आने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्त रुख अपनाया है।
लोहाघाट से चम्पावत तक कई स्थानों पर सड़कों के पैराफिट और दीवारों पर मिशन-2027 से संबंधित वॉल पेंटिंग और पोस्टर लगाए गए हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी लोहाघाट ने पहले जिला पंचायत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी को नोटिस जारी किया था। अब विभाग ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को भी नोटिस भेजा है।
पीडब्ल्यूडी लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि सरकारी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक या अन्य प्रचार-प्रसार नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी पैराफिट दीवारों पर पोस्टर, बैनर या पेंटिंग नहीं की जा सकती। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर प्रचार सामग्री हटाने तथा परिसंपत्तियों को पूर्व स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि उनकी ओर से किसी भी सरकारी परिसंपत्ति पर प्रचार सामग्री नहीं लगाई गई है। उन्होंने नोटिस मिलने के बाद मामले की जानकारी जुटाने की बात कही है।
मिशन-2027 को लेकर शुरू हुई इस राजनीतिक गतिविधि के बीच सरकारी संपत्तियों के उपयोग का मुद्दा भी चर्चा का विषय बन गया है।

More Stories
वनों को नष्ट होने से आओ! बचायें हम
सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री साझा करना पड़ा भारी, टनकपुर में मुकदमा दर्ज
विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष:पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रहे है जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी